नगर निगम की जनसुनवाई में छायी रहीं अतिक्रमण व सफाई सम्बंधी समस्याएं

गौरव सिंघल, सहारनपुर। निगर निगम में जनसुनवाई के दौरान आयी सात समस्याओं में से एक समस्या का तुरंत समाधान कराया गया। अतिक्रमण हटवाने, आवारा कुत्तों को पकड़वाने तथा सीवर सफाई की समस्या के सम्बंध में अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने सम्बंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वार्ड 32 मौ. खान आलमपुरा की अजरा बेगम ने खान आलमपुरा में सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक व सफाई मित्र को भेजकर सफाई कराते हुए समस्या का त्वरित समाधान कर दिया। इसके अलावा वार्ड 6 अहमद कॉलोनी के मुजक्किर ने भी कॉलोनी में सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, इसके लिए क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक को स्थलीय निरीक्षण कर सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

वार्ड 19 गोपाल नगर निवासी अंकुर मक्कड़ ने गोपाल नगर वाटर टैंक के निकट किये गए अवैध निर्माण को हटवाने तथा वार्ड 40 गुरुद्वारा रोड निवासी संदीप ने सड़क पर किये गए अतिक्रमण को हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस पर प्रवर्तन दल प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त वार्ड 48 न्यू आवास विकास निवासी राजेंद्र चौधरी ने न्यू आवास विकास कॉलोनी से तथा वार्ड 25 अंकित विहार नवादा रोड निवासी रोहिणी ने गली नंबर पांच से आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर अपर नगरायुक्त ने निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त मृत्युंजय सहित निगम के सभी अधिकारी मौजूद रहे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post