पुलिस मुठभेड़ में गौकशी का आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद की थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ में गौकशी के मुकदमें में वांछित चल रहे एक आरोपी को घायलवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपी के कब्जे से नाजायज अस्लाह व बिना नम्बर प्लेट की बाईक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बीती रात थाना मिर्जापुर प्रभारी सूबे सिंह व उपनिरीक्षक सचिन त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम प्याजगढ़ पुलिया के पास वाहन चैकिंग कर रही थी तभी डाडल की तरफ से आ रहे बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को उन्होंने रुकने का इशारा किया तो पुलिस टीम को देखकर वह वापिस ग्राम मिर्जापुर की तरफ जाने वाले रास्ते की तरफ भागने लगे। 

पुलिस टीम द्वारा पीछा किया जाने पर बदमाशों की बाइक फिसल कर गिर गयी जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे व जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश शाहिन उर्फ हसीन पुत्र सलीम मुल्ला निवासी कस्बा व थाना मिर्जापुर को गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती करा दिया। गिरफ्तार बदमाश शाहिन उर्फ हसीन थाना मिर्जापुर पर पंजीकृत गौवध अधिनियम का वांछित आरोपी है जिसके विरुद्ध थाना मिर्जापुर पर  संगीन धाराओं में आधा दर्जन के करीब मुकदमें दर्ज है।

Post a Comment

Previous Post Next Post