शि.वा.ब्यूरो, मेरठ। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत आज अंतिम दिवस पर बाईक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश कर्दम द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। बाईक रैली का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी नगर ब्रजेश कुमार ने कैलाश प्रकाश स्पोर्ट स्टेडियम से किया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन युतिका सिंह ने बताया कि बाईक रैली कैलाश प्रकाश स्पोर्ट स्टेडियम से आरम्भ होकर कमिश्नरी होते हुए, साकेत चौराहा, जेल चुंगी चौराहा, तेजगढ़ी चौराहा, पीवीएस माल, हापुड़ चुंगी चौराहा से होते हुए परिवहन कार्यालय पर संपन्न हुई, जहां वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश कर्दम द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। राजेश कर्दम ने छात्र छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के विषय में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने ट्रैफिक लाइट के पालन के साथ जेब्रा क्रॉसिंग के विषय में बताया। उन्होंने सभी को हेलमेट लगाकर वाहन चलाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने परिजनों की सुरक्षा के लिए उनसे बिना हेलमेट दुपहिया वाहन और बिना सीटबेल्ट के चौपहिया वाहन न चलने की जिद अवश्य करते रहें। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन युतिका सिंह, यात्रीकर अधिकारी प्रीति पांडे, ट्रेनर अमित तिवारी, विभिन्न प्रदूषण जांच केंद्रों, ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल व वाहन डीलर्स के प्रतिनिधियों सहित परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
बता दें कि प्रदेश में बढती हुई दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों में कमी लाये जाने हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य सड़क सुरक्षा परिषद में बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 01 जनवरी से 31 जनवरी तक किया गया है, जिसके अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर तक सड़क सुरक्षा से संबंधित जन जागरूकता कार्यक्रम, बैठकें, ग्राम सभाएं शपथ ग्रहण तथा दुर्घटना निवारण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गई हैं। L

