शि.वा. ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देशन में राष्ट्रीय सडक सुरक्षा माह - 2026 के समापन के अवसर पर आज परिवहन विभाग के तत्वाधान में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की वर्कशॉप में बस चालकों-परिचालकों व अन्य स्टाफ हेतु सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के अंतर्गत एआरटीओ प्रवर्तन सुशील कुमार मिश्र ने सभी को जरूरी टिप्स दिए। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित सभी बस चालकों-परिचालकों एवं अन्य स्टाफ को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाते हुए अपील की, कि सडक सुरक्षा के नियमों का पालन जरूर करें। उन्होंने कहा कि स्वंय भी सुरक्षित रहें औरों को भी सुरक्षित रखें।
वर्कशॉप में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा ने बस चालकों--परिचालकों से विशेष रूप से तेज रफ्तार से व नशे व नींद की हालत में बस नही चलाने की अपील की। आरआई टेक्निकल रोमेश अग्रवाल ने बस चालकों-परिचालकों से आह्वान किया गया कि सडक पर जो संकेत बने होते है, उनका ध्यान अवश्य रखे। उन्होंने कहा कि सडक दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हमें जागरूक होना होगा। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा कार्यक्रम का संचालन करते हुए भारत मे होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मौतों के विषय मे जानकारी दी गई।
इस अवसर पर परिवहन विभाग जनपद मुजफ्फरनगर की ओर से राष्ट्रीय सडक सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बस चालकों, परिचालकों व अन्य स्टाफ को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के कैलेन्डर एवं जागरूकता हेतु पम्पलेट्स वितरित किये गये। कार्यशाला के अंत मे सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकप्रभात कुमार सिन्हा द्वारा उपस्थित सभी का धन्यवाद किया गया।

