शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जनपद में शुक्रवार को लगातार बारिश के बीच शिवसेना के पदाधिकारियों ने बालासाहेब ठाकरे तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्म जयंती मनाई। बारिश के कारण प्रस्तावित भगवा यात्रा कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया, लेकिन इसके बाद भी संगठन के कई पदाधिकारी जिला कार्यालय प्रकाश चौक पर पहुंचे और वहां विचार गोष्ठी आयोजित कर दोनों महापुरुषों के जीवन और कार्यों पर चर्चा की।
जिला कार्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने बालासाहेब ठाकरे तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राजनीतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े योगदान पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम के बाद शिवसेना पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन तैयार कर एसडीएम कृष्णकांत (न्यायिक) को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि बालासाहेब ठाकरे तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस को भारत सरकार द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया जाए। साथ ही कहा गया कि देशहित में दिए गए उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया जाना उचित होगा।शिवसेना ने मांग की कि सरकार इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर दोनों व्यक्तित्वों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करे। ज्ञापन सौंपने के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि बारिश के बावजूद कार्यक्रम को निरस्त नहीं किया गया और संगठन ने श्रद्धा के साथ जन्म जयंती मनाकर यह संदेश दिया कि महापुरुषों का सम्मान मौसम या परिस्थितियों पर निर्भर नहीं होता।
इस दौरान पश्चिम प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा, प्रदेश उप प्रमुख प्रमोद अग्रवाल, मंडल प्रमुख शरद कपूर, शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा, क्रांति सेना प्रमुख मुकेश त्यागी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी, विद्यार्थी सेना जिला अध्यक्ष जतिन वशिष्ठ, नगर प्रमुख देवेंद्र चौहान, उज्ज्वल पंडित, चेतन देव, निकुंज चौहान, विवान चौधरी, वंश तोमर, सुनील कुमार, योगिंदर सैनी, रोशन कुमार, ललित रुहेला, संजय चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
