गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद में किसानों से अवैध वसूली की शिकायतें प्राप्त होने पर जिलाधिकारी निर्देश पर कुछ राजस्व कर्मियों को किसानों के भेष में सरसावा नेशनल टोल प्लाजा भेजा गया, जहाँ वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया। इस गुप्त जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से टोल-फ्री होने के बावजूद नकद अवैध वसूली, फर्जी रसीद एवं बिना रसीद धन संग्रह किए जाने की पुष्टि हुई, जिससे पूरे अवैध वसूली नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। जांच में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएँ पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तत्काल सरसावा थाने में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रशासन की इस सक्रिय और योजनाबद्ध कार्रवाई से न केवल किसानों को राहत मिली है, बल्कि यह भी स्पष्ट संदेश गया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था, पारदर्शिता और जनहित सर्वोपरि है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों के अधिकारों का उल्लंघन किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे किसी भी स्तर पर हों, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना निर्भय होकर प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
