पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने गांधीनगर प्रधान डाकघर में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को ने किया सम्मानित

शि.वा.ब्यूरो, अहमदाबाद। 77वां गणतंत्र दिवस उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के सभी डाकघरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांधीनगर प्रधान डाकघर में उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत वंदे मातरम, देशभक्ति गीतों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से सराबोर वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के लाभार्थियों से संवाद किया एवं उन्हें पासबुक व पॉलिसी बॉन्ड प्रदान किए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि 77वां गणतंत्र दिवस भारत के लंबे संविधानिक सफर और लोकतंत्र की ताकत को याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति और भारत की विविधता में एकता की सोच को भी सामने लाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में डाक विभाग ने समाज और राष्ट्र को जोड़ने में अतुलनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि डाक सेवा जन सेवा के विजन के साथ भारतीय डाक विभाग समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी पहुँच सुनिश्चित कर लोक कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, वित्तीय समावेशन, कैशलेस इकोनॉमी के साथ विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देने में डाक सेवाओं की अहम् भूमिका है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में युवाओं की जरूरतों को पूरा करने हेतु एन-जेन (नेक्स्ट जेन) स्वरूप में डाकघरों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की उद्देशिका में निहित मूल शब्दों और उनके गहन अर्थों को आत्मसात करना आज की आवश्यकता है, जिसकी शुरुआत “हम भारत के लोग” से होती है। उन्होंने कहा कि यही वाक्य हमारे लोकतंत्र की आत्मा, हमारे गणतंत्र की आधारशिला और हमारे राष्ट्रीय जीवन के मूल मूल्यों का प्रतीक है।
पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों की स्मृति का दिवस है। यह हर नागरिक को संविधान की अहमियत समझने और उसकी रक्षा करने की जिम्मेदारी याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन भारत ने संविधान के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रणाली को अपनाकर नागरिकों के कल्याण, समानता और सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया था। उन्होंने राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में डाकघरों में आयोजित विशेष कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। प्रवर डाकघर अधीक्षक शिशिर कुमार ने कहा कि डाक विभाग का प्रत्येक कर्मचारी राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार है और उनके कार्यों के माध्यम से ही एक मजबूत, एकजुट और प्रगतिशील भारत की नींव मजबूत होती है। शाहीबाग स्थित स्पीड पोस्ट भवन में भी पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह में भाग लिया और क्षेत्रीय कार्यालय एवं रेलवे मेल सर्विस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक वीएम वहोरा, रितुल गाँधी, डिप्टी अधीक्षक दीपक वाढेर, आइपीपीबी मैनेजर निरंजन भक्ता, सहायक डाक अधीक्षक प्रेयल शाह, आरए शेख, पराग वासनिक, एसएन घोरी, डीपी मोरे, हेमंत कंतार, नितिन शेंद्रे, दक्षेश चौहान, जीनेश पटेल, रोनक शाह, भाविन प्रजापति, डाक निरीक्षक वीके प्रजापति, पायल पटेल, सोनल देसाई, योगेन्द्र राठोड़, चिराग सुथार, पोस्टमास्टर डीएम राठोड़ सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी व उनके परिजन शामिल हुए।

Post a Comment

Previous Post Next Post