प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए

सुरेंद्र सिंघल, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज शुक्रवार शाम 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। गांधी स्मृति शहीद स्थल पर इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें सभी धर्मों के विद्वानों की ओर से भजन-गायन किया गया।

सुविख्यात गायक पद्मश्री प्रह्लाद सिंह तिपानिया की ओर से भक्ति संगीत की प्रस्तुति की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री की मौजूदगी में महात्मा गांधी की प्रार्थना सभाओं में गाया जाने वाला भजन - रघुपति राघव राजाराम पतित पावन सीताराम और वैष्णव जन तो तेने कहिये जे पीड़ परायी जाणे रे का मधुर गायन किया। सभा स्थल पर उपस्थित सभी लोगों ने पांच बजकर 17 मिनट पर दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता बापू को श्रद्धांजलि दी गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयोजन स्थल पर करीब पांच बजे पहुंचे। उनकी सुरक्षा के लिए बेहद कड़े प्रबंध किए गए थे। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में गांधीवादी और उनके अनुयायी, सामाजिक कार्यकर्त्ता, स्कूल छात्र और छात्राएं उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवानी पूर्व केंद्रीय मंत्री और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, निदेशक प्रभारी संजीत कुमार आदि ने की। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार एवं गांधीवादी विचारक सुरेंद्र सिंघल आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post