ऋण की रकम जमा कराने के नाम पर महिलाओं से 1.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी

गौरव सिंघल, सहारनपुर। भारत फाइनेंस लिमिटेड (इंडसइंड बैंक) के एक कर्मचारी पर महिलाओं से ऋण की रकम जमा कराने के नाम पर 1.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। इस मामले में शाखा प्रबंधक ने कर्मचारी के खिलाफ देहात कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रिंस चावला ने तहरीर देकर बताया कि वह भारत फाइनेंस लिमिटेड शाखा सहारनपुर-बी में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आसान केवाईसी के माध्यम से लोन उपलब्ध कराती है। आरोप है कि कंपनी में कार्यरत गोविंद कुमार ने महिलाओं से लोन समय से पहले समाप्त कराने व किस्त  जमा कराने के नाम पर नकद और यूपीआई के जरिए रुपये ले लिए।

आरोप है कि गोविंद कुमार ने महिलाओं से कहा कि वह कंपनी के खाते में रकम जमा करा रहा है, जबकि उसने रकम कंपनी में जमा न कर अपने पास रख ली। नियमित जांच के दौरान शाखा प्रबंधक ने महिला सदस्यों से जानकारी लेने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी कर्मचारी ने करीब आठ महिला सदस्यों से अलग-अलग तारीखों में कुल 1,27,101 रुपये हड़प लिए। इसके बाद शाखा प्रबंधक ने कर्मचारी गोविंद से रुपये के बारे में पूछा, जिस पर वह टालमटोल करता रहा। बाद में वह बिना सूचना दिए शाखा से चला गया। शाखा प्रबंधक ने एसएसपी से कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि एसएसपी के आदेश पर देहात कोतवाली पुलिस ने कर्मचारी गोविंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post