कड़ाके की ठंड से हथिनी कुंड बैराज में पानी का संकट गहराया

गौरव सिंघल, सहारनपुर। पूर्वी यमुना नहर अपर खंड के अधिशासी अभियंता प्रवीण जोशिया ने बताया कि हथिनी कुंड बैराज पर पानी का संकट गहरा गया है। इसका कारण पहाड़ों पर भारी बर्फबारी का होना है। उन्होंने बताया कि बैराज में जो पानी आता है वह हिमाचल और उत्तराखंड की पहाड़ी नदियों से आता है, जहां पिछले एक हफ्ते से भारी बर्फबारी हो रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली को उसके हिस्से का 0.724 मिलियन क्यूसेक मीटर पानी की आपूर्ति लगातार जारी है। इस बैराज से हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान को पीने और सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति होती है। सभी राज्यों के लिए पानी की मात्रा तय है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर मंडल के शामली में पुल निर्माण का कार्य जारी रहने के चलते पूर्वी यमुना नहर में पानी की आपूर्ति बंद की हुई है।

अधिशासी अभियंता प्रवीण जोशिया ने कहा कि मार्च-अप्रैल में जैसे ही मौसम का तापमान बढ़ेगा तो वैसे ही बैराज के जलस्तर में वृद्धि हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बैराज से हिमाचल प्रदेश को 9.378 बीसीएम, उत्तर प्रदेश 4.032 बीसीएम, हरियाणा को 5.073 बीसीएम और राजस्थान को 1.119 बीसीएम पानी की आपूर्ति होती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post