गौरव सिंघल, सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रोल प्रेक्षक एवं मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार द्वारा प्रथम भ्रमण के दौरान जानकारी प्राप्त करने के बाद आज आयुक्त कार्यालय कक्ष में सांसद, विधायक एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक आहूत कर विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। रोल प्रेक्षक डॉ0 रूपेश कुमार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा चैक लिस्ट में वांछित सभी सूचनाओं से अवगत कराया गया। चैकलिस्ट की सूचनाओं पर रोल प्रेक्षक द्वारा संतोष व्यक्त किया गया और जनपद सहारनपुर की कार्य प्रगति को अच्छा बताया।
रोल प्रेक्षक द्वारा उपस्थित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी बूथ लेविल अधिकारियों को फार्म-6 के डिजिटाईजेशन कार्य को गुणवत्ता परक किये जाने के लिये पुनः प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। यह भी निर्देश दिये गये कि फार्म-7 के सापेक्ष पूर्णतया जॉच कर एवं साक्ष्य प्राप्त करके ही किसी मतदाता का नाम अपमार्जित किया जाए। बुक ए कॉल विद बीएलओ में 2 कॉल 48 घण्टे से अधिक होने के कारण विधानसभा क्षेत्र 6 रामपुर मनिहारान में संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया कि इन बीएलओ को चेतावनी जारी करें। सभी ईआरओ को निर्देशित किया कि एनजीएसपी की शिकायतों एवं बुक ए कॉल विद बीएलओ को तत्परतापूर्वक एवं गुणवत्ता से निस्तारित करायें। रोल प्रेक्षक द्वारा उपस्थित जिलाध्यक्षों से अनुरोध किया गया कि वे सम्भाजन उपरान्त बढे 300 मतदान स्थलों पर अपने दल के बीएलए नियुक्त करें, इस पर सभी के द्वारा रोल प्रेक्षक को आश्वस्त किया गया कि वे अतिशीघ्र बीएलए सूची को अपडेट कर उपलब्ध करा देंगे। रोल प्रेक्षक ने सभी प्रतिनिधियों से जानकारी ली कि आपको आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची एवं फार्म-9, 10, 11, 11क एवं 11ख की सूची प्राप्त हो गई है या नहीं ? इस पर सभी ने एकमत से कहा कि उन्हें आलेख्य मतदाता सूची 06-01-2026 को ही प्राप्त हो गई हैं। फार्म-9, 10, 11, 11क एवं 11ख की सूचियां भी साप्ताहिक रूप से निर्वाचन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। रोल प्रेक्षक द्वारा सभी ईआरओ को निर्देशित किया गया कि आप आज ही सभी बीएलओ से जूम वीसी कर उन्हें अवगत करा दें कि मतदाता से साक्ष्य स्वयं जाकर लें एवं तत्काल अपलोड करें। नोटिस की सुनवाई में मतदाताओं को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों एवं एसओपी का अनुपालन कराते हुए नोटिस की सुनवाई एवं फार्म-6 का डिजिटाईजेशन समय से एवं गुणवत्तापरक सुनिश्चित किया जाए।
रोल प्रेक्षक द्वारा समस्त ईआरओ एवं सहायक स्वीप नोडल आफिसर को निर्देशित किया गया कि डिग्री कॉलेज में विशेष कैम्प लगाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र, छात्राओं का शतप्रतिशत पंजीकरण कराएं। 18 वर्ष या उससे ऊपर आयु के युवाओं से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु आयोग की वेबसाईट http://voters.eci.gov.in एवं ECINET mobile app के माध्यम से ऑनलाईन किये जाने हेतु जागरूक किया जाए।
समीक्षा बैठक में विधायक नगर राजीव गुम्बर, प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव, जिलाध्यक्ष भाजपा महेन्द्र सैनी, जिलाध्यक्ष अपना दल (एस) राजकुमार पंवार, जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी संजय कुमार जैन, प्रतिनिधि समाजवादी पार्टी चौ0 अब्दुल गफूर, प्रतिनिधि मा. विधायक, नकुड विकेश चौधरी, जिला महा सचिव, बहुजन समाज पार्टी सुनीश प्रधान, सांसद प्रतिनिधि 1-सहारनपुर संदीप वर्मा, आम आदमी पार्टी से डी के शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उप जिलाधिकारी सुबोध कुमार, उप जिलाधिकारी रामपुर मनिहारान डा0 पूर्वा शर्मा, उप जिलाधिकारी नकुड सुरेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी, बेहट मानवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी देवबन्द युवराज सिंह, डिप्टी कलेक्टर विकास कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक/सहायक नोडल आफिसर, स्वीप अरविन्द कुमार पाठक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार उपस्थित रहे।

