डा0 वरूणवीर के योग केंद्र लाइफ योगा को बुद्धिजीवियों ने जमकर सराहा

सुरेंद्र सिंघल, नई दिल्ली। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन0 कोटेश्वर सिंह ने कहा कि आज पूरे विश्व ने भारतीय योग, ध्यान, आध्यात्म एवं दर्शन को पूरी तरह से अंगीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि भारत एवं दुनिया में योग का तेजी से प्रचार-प्रसार बढ़ रहा है। न्यायमूर्ति एन0 कोटेश्वर सिंह  बीती रात नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित योगाचार्य डा0 वरूणवीर के योग केंद्र लाइफ योगा में बुद्धिजीवियों के समक्ष अपने उद्गार व्यक्त कर रहे थे। 

डा0 वरूणवीर ने बताया कि स्थापना के दो साल के भीतर ही लाइफ योगा विश्व के पहले दस योग केंद्रों में शामिल हो गया है। विश्व में इसकी ताजा रैकिंग तीसरे स्थान पर है। न्यायमूर्ति एन0 कोटेश्वर सिंह, उनकी पत्नी दिल्ली की प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् विजय लक्ष्मी, सांसद चंदन चैहान, दैनिक भास्कर समूह के प्रधान समूह संपादक संजय अग्रवाल, इंडिया हैवीटेट सेंटर के प्रशासनिक महाप्रबंधक अमरनाथ व वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल आदि शख्सियतों का योगाचार्य डा0 वरूणवीर ने बुके भेंटकर स्वागत किया। डा0 वरूणवीर ने सभी अतिथियों को योग केंद्र का अवलोकन कराया। सभी ने इसे अद्भुत और योग क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि बताया। अतिथियों ने योग केंद्र में चल रही योगिक कक्षाओं का निरीक्षण कर योग की बारीकियों को जाना। 

डा0 वरूणवीर ने बताया कि दिनोंदिन सभी वर्गों के लोगों में योग और ध्यान के प्रति जबरदस्त क्रेज बढ़ रहा है। उच्च आय वर्ग रखने वाले एवं नई दिल्ली में रह रहे विदेशी बड़ी संख्या में लाइफ योगा के सदस्य बन रहे हैं और विभिन्न योग आसनों के जरिए स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और सभी तरह के तनावों से राहत पा रहे हैं। दैनिक भास्कर के प्रधान संपादक संजय अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने देश और दुनिया में लाइफ योगा जैसा कोई भी केंद्र नहीं देखा है। विजय लक्ष्मी, अमरनाथ, सुरेंद्र सिंघल व चंदन चैहान ने डा0 वरूणवीर और सह संचालक तनु सिंह को बधाई दी। सभी ने कामना की कि लाइफ योगा केंद्र आने वाले समय में जल्द ही विश्व का पहले नंबर का योग केंद्र बन जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post