सांसद चंदन चौहान ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से की देवबंद-रूडकी नए रेल मार्ग से सभी प्रमुख ट्रेनें चलाने की मांग

गौरव सिंघल, सहारनपुर। रालोद सांसद चंदन चौहान ने आज रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से कहा है कि दिल्ली-देहरादून वाया मेरठ-देवबंद के बीच चलने वाली ट्रेनों को अब देवबंद वाया झबरेड़ा-रूडकी नए रेल मार्ग से चलाया जाए। चंदन चौहान ने आज वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल को बताया कि उन्होंने रेल यात्रियों के अनुरोध पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस बात के लिए उनका आभार जताया कि रेल विभाग ने देवबंद और रूडकी रेल मार्ग को ट्रेनों की आवाजाही के लिए शुरू कर दिया। इस पर मालगाड़ी के साथ-साथ नंदा एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन भी हो रहा है। देवबंद में नंदा एक्सप्रेस का स्टापेज नहीं होने से हजारों रेल यात्रियों को इस ट्रेन में  यात्रा की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। 

ध्यान रहे रेल विभाग ने एक हजार करोड़ रूपए की लागत से 27.45 किलोमीटर लंबा देवबंद-रूढ़की वाया झबरेड़ा रेल मार्ग बनाया। 29 मार्च को रेल विभाग के उच्चाधिकारियों ने इस मार्ग का निरीक्षण करने के बाद रेलों के संचालन को अनुमति दे दी थी। इससे दिल्ली से देहरादून जाने वाले यात्रियों को 33 किलोमीटर की दूरी घट गई है। नौ माह बीत जाने के बाद इस नए रेल मार्ग का लाभ देवबंद के यात्रियों को मिला है। एक पखवाड़े से इस नए रेल मार्ग पर नंदा देवी एक्सप्रेस चलाई जा रही है। देवबंद के स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने आज बताया कि नया रेल मार्ग ट्रेनों के संचालन के लिए पूरी तरह से दुरूस्त है।

देहरादून-नई दिल्ली शताब्दी, जन शताब्दी और अन्य कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अभी भी वाया टपरी रेल मार्ग से ही संचालित हो रही है। इससे उन्हें 33 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी पहले की तरह ही तय करनी पड़ रही है और 30 से 40 मिनट ज्यादा खर्च हो रहे हैं। देवबंद के स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार का कहना है कि पुराने टपरी मार्ग या सहारनपुर के बजाए देहरादून-हरिद्वार दिल्ली की ट्रेनों का संचालन नए रूडकी-देवबंद रेलवे मार्ग से करने का फैसला रेलवे बोर्ड करेगा। वह इस संबंध में सक्षम नहीं हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post