मुख्य विकास अधिकारी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया

गौरव सिंघल, सहारनपुर। 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता 'कुराश' उत्साहपूर्ण वातावरण में चल रही है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी पूरे जोश के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत आज पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन (आई. ए .एस) ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम के शुभारम्भ में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। तत्पश्चात डॉ० पूजा रानी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु कुमार सुमन के द्वारा मुख्य विकास अधिकारी का बाल वृक्ष, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुति में जे.बी.एस. हिन्दू कन्या इंटर कॉलेज सहारनपुर की छात्राओं द्वारा उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोक गीत कजरी पर सामूहिक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। के. सी.सी. पी.आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा गढ़वाली नृत्य प्रस्तुत किया गया। जो अपने आप में उत्तराखंड की संस्कृति को संजोए हुए था।आर्य कन्या खालापार इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा बंगाली नृत्य की  जोरदार प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात खेल शिक्षक प्रवीण कुमार ने मंच से विजयी खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की। मुख्य विकास अधिकारी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंच पर संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर राणा एस .के .सुमन, जिला विद्यालय निरीक्षक सहारनपुर डॉ० अरविंद पाठक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्ष देव स्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। उन्होंने सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि  कुराश खिलाड़ियों को निष्पक्षता के साथ ईमानदारी से  लक्ष्य तक पहुंचने की शिक्षा देता है। उन्होंने कहा कि खेल से खिलाड़ियों में मिल-जुलकर कार्य करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी एक-दूसरे की संस्कृति से सीखते हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता मजबूत होती है।कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ .करुणा कालरा द्वारा किया गया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post