उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व सांसद मुलकीराज सैनी की प्रतिमा का अनावरण

गौरव सिंघल, सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज यहां स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद मुलकीराज सैनी की प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह का आयोजन गंगोह रोड़ स्थित एमआरएस मेमोरियल्स सीनियर सेकेण्डरी स्कूल के प्रांगण में हुआ। जहां मुलकीराज सैनी की प्रतिमा स्थापित की गई है। केशव प्रसाद मौर्य ने मुलकीराज सैनी की सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुलकीराज सैनी समाजवादी चिंतक और एक आदर्श सांसद रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मुलकीराज सैनी का अनुशरण करें।

उपमुख्यमंत्री आज सुबह लखनऊ से वायुयान द्वारा सरसावा एयरपोर्ट पर उतरे, जहां भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्त्ताओं ने उनका स्वागत किया। केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में जनपद के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने एमआरएस मेमोरियल्स सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा सभी वर्गों के हितों को लेकर विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की आदर्श स्थिति है। उन्होंने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि एसआईआर पूरी तरह से निष्पक्ष और कानूनी दायरे में हुई है। एसआईआर के तहत मृतकों, स्थानांतरित मतदाताओं के ही वोट काटे गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post