गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम मनीष बंसल ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में शीत लहर एवं ठंड से बचाने के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। गौ आश्रय स्थलों में पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, हरा एवं सूखा चारा, पानी, तिरपाल, बोरे तथा हीटर या अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। सभी नोडल अधिकारी सप्ताह में कम से कम एक गौशाला का निरीक्षण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि तत्काल विकासखंड स्तर पर बोरे उपलब्ध कराए जाएं। सुनिश्चित किया जाए कि गौवंश को सूखे बोरे ही पहनाए जाएं। संबंधित सभी अधिकारी सुनिश्चित करे कि किसी भी गौशाला में हरे एवं सूखे चारे की कमी न हो।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने निर्देश दिए कि हीटर या अलाव के माध्यम से हीटिंग की पर्याप्त व्यवस्था रहे। सहभागिता योजना के तहत सत्यापन कार्य शीघ्रता से पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाए। कब्जामुक्त की गई चरागाह की भूमि का ब्यौरा तैयार किया जाए जिससे फरवरी माह में अभियान चलाकर नेपियर घास की बुवाई की जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विनोद कुमार मीणा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 एम0पी0सिंह, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

