गौरव सिंघल, सहारनपुर। महिला कांस्टेबल रिया वर्मा ने अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में 5 पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।उनकी इस सफलता से उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रतिष्ठा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है। रिया वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन किया है। रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात रिया वर्मा ने अमेरिका में आयोजित प्रतिष्ठित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 जून से 6 जुलाई 2025 तक बर्मिंघम, अलबामा (संयुक्त राज्य अमेरिका) में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के दौरान कांस्टेबल रिया वर्मा ने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया।रिया वर्मा की इस उपलब्धि से न केवल सहारनपुर पुलिस बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रतिष्ठा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है। उनका प्रदर्शन भारतीय महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिभा और क्षमता का प्रमाण है। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि रिया वर्मा की यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, कठोर परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस बल के मनोबल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वह अन्य पुलिसकर्मियों व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं। इस उपलब्धि पर एसएसपी आशीष तिवारी द्वारा महिला कांस्टेबल रिया वर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महिला कांस्टेबल रिया वर्मा ने अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में 5 पदक जीतकर रचा इतिहास, एसएसपी ने रिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
byHavlesh Kumar Patel
-
0
