डाॅ.संजय अग्रवाल, मुजफ्फरनगर। श्री कृष्ण जानकी सरस्वती शिशु मंदिर गांधी कॉलोनी में श्रीमती शशि कांता स्मृति मंच के सौजन्य से 22 दिसंबर को अन्वेषण मेधावी प्रतिभा खोज प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा विविध प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही विजेता प्रतिभागियों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती (राष्ट्रीय गणित दिवस) के अवसर पर विद्यालय परिसर में गणित मेला एवं गणित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए गणितीय मॉडल और प्रयोग प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह संपूर्ण कार्यक्रम एंटी करप्शन कमेटी के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में नगर की प्रमुख हस्तियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे किया जाएगा, जबकि गणित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रातः 11:00 बजे होगा।