जिला व्यापार मण्डल ने 76वें संविधान दिवस पर जिलाधिकारी को संविधान की पुस्तक भेंट की

गौरव सिंघल, सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की जिला ईकाई द्वारा आज 76 वें संविधान दिवस पर जिला मुख्यालय कार्यालय में एक संक्षिप्त बैठक का आयोजन कर उपस्थित व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा संविधान में नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया। तत्पश्चात व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में जिला अधिकारी मनीष बंसल को संविधान की एक पुस्तक भी भेंट की गई। जिला मुख्यालय कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व 

जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है और जहां देश में 26 जनवरी 1950 से नया संविधान लागू किया गया वही 26 नवम्बर 1949 को अंगीकृत किया गया था तथा देश की जनता को समर्पित किया गया। संविधान की समिति के प्रारूप के अध्यक्ष डा. भीमराव अम्बेडकर संविधान के पिता कहे जाते हैं। इसके अंतर्गत भारत को एक सम्पूर्ण प्रबुद्ध समाजवादी धर्मनिरपेक्षक लोकतंत्रात्मक गणराज्य घोषित किया। संविधान के सभी उद्देश्यों में सभी नागरिकों को सामाजिक, राजनैतिक न्याय दिलाना, विचारों की अभिव्यक्ति, धर्म, विश्वास, पूजा पाठ की स्वतंत्रता तथा अवसरों की समानता प्रदान की गयी है। व्यक्ति तथा राष्ट्र की गणना करने का इसमें वर्णन है और भारत को राज्यों का संघ माना गया है। 

शीतल टण्डन ने कहा कि हाल के वर्षों में संविधान दिवस के प्रति लोगों की जागरूकता अन्य राष्ट्रीय पर्वों की तरह बढ़ी है। और इन 76 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा में हमारा संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज ही नहीं, बल्कि सामाजिक आर्थिक दस्तावेज का मार्गदर्शक भी रहा है। संविधान ने हमारे लोकतंत्र को सुदृढ किया और लोकतंत्र हमारी जीवन शैली का अभिन्न अंग बन चुका है। श्री टण्डन ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का नागरिक होना जहां गर्व की बात है, वही भारतीय संविधान जो कि एक पवित्र ग्रंथ है, उसके नियमों के अनुसार अनुपालन करना हम सब का राष्ट्रीय कर्तव्य है और आज हम संविधान सभा के अध्यक्ष डा0 राजेन्द्र प्रसाद का भी स्मरण करते हैं और हमारे देश में कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका संविधान की भावना के अनुरूप सफलता पूर्वक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पहली बार 2015 से मनाना शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान दिवस की शुरूआत कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति देशवासियों को और अधिक सजग बनाने का कार्य किया है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोडा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एस.के. सूरी, रमेश डाबर, पवन कुमार गोयल, मुरली खन्ना आदि व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post