गौरव सिंघल, सहारनपुर। फतेहपुर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हांसिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो कार और आठ बाइकें बरामद की गई है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थानाध्यक्ष फतेहपुर प्रमोद रावल की टीम उत्तराखंड बार्डर की चौकी बडकलां पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो बाइकों पर सवार तीन लोगों को रुकने का इशारा किया तो ये भागने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा कर अजीम पुत्र सलीम और आसिफ पुत्र तस्लीम निवासी जमालपुर खुर्द थाना रानीपुर जनपद हरिद्वार को पकड़ लिया, जबकि इनका साथी सुमित बंसल निवासी मण्डी जनपद मुजफ्फरनगर मौके से पैदल ही भाग निकला।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से चोरी की एक बुलेट और एक केटीएम बाइक बरामद हुई। पूछताछ के बाद इनकी निशानदेही से थाना क्षेत्र बहादराबाद जनपद हरिद्वार से दो बालेनो कार और छह अन्य बाइक बरामद की गई। आरोपियों ने बताया कि वे बाइक चोरी कर उनकी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर में कूट रचना करके फर्जी आरसी तैयार कर सोशल मीडिया और आसपास के जानकार लोगों के माध्यम से आगे बेच देते हैं। इस काम में इनका एक साथी राज उर्फ इरफान निवासी दादूपुर थाना रानीपुर हरिद्वार भी शामिल है।
एसपी सिटी ने बताया कि वाहन चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए चोरों को कोर्ट में पेश किया गया जबकि फरार चोरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।


