गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद के बडगांव क्षेत्र के एक स्कूल में दो दिन पहले छेडछाड कर रहे मनचले छात्र को एक छात्रा ने सबक सिखाते हुए उसकी कलाई पर राखी बांध दी। लडकी के हौंसले को देख कक्षा में बैठे अन्य छात्रों ने तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन किया। मिली जानकारी के अनुसार कस्बा बडगांव के एक इंटर कालेज की छात्रा से पडोसी गांव का एक छात्र आए दिन छेडछाड करता चला आ रहा था। कई बार समझाने के बाद भी मनचले छात्र ने छात्रा का पीछा करना नहीं छोडा।
छात्रा ने प्रधानाचार्य से भी छात्र की शिकायत की लेकिन कोई राहत नहीं मिल सकी। आखिर में छात्रा ने परेशान होकर मनचले छात्र को सबक सिखने के लिए तरकीब आजमाई। छात्रा ने कक्षा में मनचले छात्र की कलाई पर राखी बांध दी तथा उसे भाई कहकर संबोधित किया। छात्रा के हौंसले को देखकर कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राओं ने तालियां बजाकर उसका उत्साह बढाया। छात्रा के इस कार्य की सभी मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहे है।

