सड़क हादसों में महिला और वृद्ध समेत चार की मौत, कई घायल

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिले में तीन सड़क हादसों में 40 वर्षीय महिला नर्मिला और 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति समेत चार लोगों की मौत हो गई और आधा दर्जन लोग घायल हो गए। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने आज बताया कि आज सुबह नागल थाना क्षेत्र में खजूरवाला हाइवे पर बेकाबू कार ने पहले भैंसा बुग्गी और बाद में टैंपों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से टैंपों पलट गया। उसमें सवार 40 वर्षीय शहजाद निवासी गांव बाजिदपुर सानी थाना नागल की मौके पर ही मौत हो गई। 

गांव खजूरवाला निवासी मनीराम की पत्नी 40 वर्षीय नर्मिला ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में भैंसा बुग्गी पर सवार गांव खजूरवाला निवासी ओमपाल कश्यप, उनकी पत्नी कुसुम, एक युवती संजना पुत्री मनीराम, मैना पुत्री राजकुमार, कार में सवार महिला हरविंदर कौर और उनकी बेटी ऐकम प्रीत कौर घायल हो गए। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर सरसावा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय युवक अजय सिंह राणा पुत्र प्रदीप सिंह राणानिवासी गांव अपलाना की मौत हो गई। अजय राणा बाइक से चिलकाना क्षेत्र के एक गांव में गया था।

पुलिस के मुताबिक रात्रि में घर लौटते समय अजय राणा की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। आज सुबह उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। दिल्ली हाइवे पर थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर में 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। थाना प्रभारी विनय कुमार ने आज बताया कि शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post