शि.वा.ब्यूरो, वाराणसी। ब्रह्म निवास सिगरा में आज अखिल भारतीय संगठन गंगा महासभा की कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता गंगा महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने की।
बैठक में गंगा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी जीतेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि गंगा की अविरलता एवं निर्मलता के लिए गंगा महासभा के द्वारा पूर्व की भांति आगे भी विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने बैठक में संगठन के कुछ लोगों को जिम्मेदारियां भी सौंपी। उन्होंने जमशेदपुर के धर्म चंद्र पोद्दार को बिहार-झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।
इस अवसर पर धर्म चंद्र पोद्दार ने संपूर्ण कार्यकारिणी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि बिहार-झारखंड के क्षेत्र से बहने वाली मां गंगा में जो छोटी नदियां विलय होती है, उन नदियों मैं जितने भी नाले गिर रहे हैं, उनके लिए सम्बंधित राज्य के उच्च न्यायालय में पीआईएल दाखिल की जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अंतर्राष्ट्रीय संस्कृति संसद का आयोजन आगामी 3, 4 एवं 5 नवंबर 2023 को वाराणसी में किया जाएगा। निर्णय लिया गया कि अभी से ही इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी जायें। बैठक में कई प्रांतों के लोग उपस्थित रहे।



