जिलाधिकारी ने की 50 नई पेयजल योजनाओं की संस्तुति

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन हर घर जल कार्यक्रम के अन्तर्गत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा 11414.77 लाख रुपए की लागत की 50 नग नई पेयजल योजनाओं के निर्माण हेतु स्वीकृति की गई। 

डीएम अखिलेश सिंह द्वारा बैठक में निर्देश दिए गए कि जल जीवन मिशन भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। पेयजल योजनाओं का निर्माण ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि फर्म द्वारा पेयजल योजनाओं के निर्माण में बिछाई जाने वाली पाइप लाइन हेतु काटी जाने वाली सड़कों को कटर की सहायता से काटा जाए। उन्होने फर्म प्रतिनिधियों को कार्य में प्रगति बढ़ाने हेतु एवं अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण को नियमित अनुश्रवण हेतु निर्देशित किया। पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति को लेकर गहरी नाराजगी जताई गई। 

उन्होने निर्देश दिए कि पोर्टल पर सूचनाएं समय से अपलोड की जाएं। जहां पर जल की कमी है वहां इस योजना को प्राथमिकता दी जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी  विजय कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण अमित कुमार एवं सहायक अभियंता अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी व फर्म प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post