शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जनपद में बाढ़ आपदा से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए शासन के निर्देशों के क्रम में फसल क्षति मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेजी से संचालित की जा रही है। जनपद के कुल 5863 पात्र किसानों को 37984691 की मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जानी है। पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से धनराशि भेजने की प्रक्रिया अगले तीन दिनों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया एवं निर्धारित कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई पात्र किसान छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी उपलब्ध अभिलेखों, सर्वेक्षण रिपोर्टों एवं पात्र लाभार्थियों की सूची का सावधानीपूर्वक मिलान करें। पात्र किसानों के नाम, बैंक खाता विवरण एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि के कारण मुआवजा भुगतान बाधित न हो। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि यदि किसी पात्र किसान का विवरण सूची में छूट गया हो अथवा अभिलेखों में कोई विसंगति पाई जाए, तो नियमानुसार तत्काल जाँच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। भुगतान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा तकनीकी, बैंकिंग या अभिलेखीय समस्या सामने आने पर उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों को होने वाली क्षति से किसानों की आजीविका प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मुआवजा वितरण को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है कि कोई भी पात्र किसान मुआवजा पाने से वंचित न रहे और सभी पात्र प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शुभम श्रीवास्तव, राहत सहायक नासिर हुसैन, कानूनगो अनिल गौतम आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।


