शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के स्नातक पाठ्यक्रम बीएजेएमसी चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। घोषित परीक्षा परिणाम में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीनों स्थानों पर अपना वर्चस्व कायम किया। परिणाम के अनुसार सृष्टि खुराना ने 84.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम, साक्षी ने 82.0 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय तथा प्रियल बालियान ने 81.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रेरणा मित्तल, उप प्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल, डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज और लोकतंत्र की सशक्त आवाज है। विद्यार्थियों का यह उत्कृष्ट परिणाम उनकी मेहनत, अनुशासन तथा विभाग के शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया एवं संचार का क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। बीएजेएमसी पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में प्रभावशाली लेखन, विश्लेषणात्मक सोच, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क, संचार कौशल तथा मीडिया उद्योग की व्यावहारिक समझ विकसित करता है, जिससे उनके लिए रोजगार एवं करियर की व्यापक संभावनाएँ उपलब्ध होती हैं। इस अवसर पर प्रवेश समन्वयक नीतू सिंह तथा विभाग की प्रवक्ता कहकशा मिर्जा, शिवानी बर्मन, मयंक वर्मा एवं वितिक मित्तल भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
