गौरव सिंघल, सहारनपुर। संदिग्ध परिस्थितियां में एक मकान में कमरे के अंदर एक पुरुष एवं महिला के शव पड़े हुए मिले है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक बीती रात थाना सदर बाजार पुलिस को सूचना मिली थी कि एसबीआई कॉलोनी स्थित तिरंगा चौक के पास एक मकान में एक व्यक्ति ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है तथा बाहर से कई बार आवाज देने के बावजूद भी दरवाजा नहीं खोला जा रहा है। सूचना के बाद थाना सदर बाजार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो संदिग्ध परिस्थितियां प्रतीत होने पर आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर एक पुरुष एवं एक महिला के शव पड़े थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक, फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाया गया।
सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मृत पुरुष की आयु करीब 39 वर्ष प्रतीत हो रही है, जो मूल रूप से केरल का निवासी था तथा सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। मृत महिला की आयु लगभग 24 वर्ष है, जो थाना गागलहेड़ी क्षेत्र की निवासी है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से संबंधित प्रतीत हो रहा है तथा दोनों द्वारा आत्महत्या किया जाना परिलक्षित हो रहा है। प्रारंभिक जांच में मृत पुरुष द्वारा अपने हाथ की कलाई की नस काटने के उपरांत कमरे की खिड़की से पार्शियल हैंगिंग कर आत्महत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। महिला द्वारा प्रथम दृष्टया किसी विषैले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस टीम ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर रही है तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।