द दून वैली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर किया चिकित्सकों का सम्मान

गौरव सिंघल, देवबंद। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर द दून वैली पब्लिक स्कूल देवबंद के विद्यार्थियों ने समाज के प्रति समर्पित चिकित्सा सेवाओं के लिए क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. डी.के. जैन जी, डॉ. अनुज गोयल, डॉ.अनवर सईद के साथ डॉ. लक्ष्य गुप्ता, डॉ. सऊद नफीस, डॉ.मोहम्मद सलमान,  डॉ. सौरभ यादव व डॉ. रिंकिया चौधरी के चिकित्सालय पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-चिन्ह भेंट कर चिकित्सकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपनी निस्वार्थ सेवा, मानवीय संवेदनाओं और समर्पण के माध्यम से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे ऐसे सभी चिकित्सकों के प्रति सम्मान, आभार और विश्वास व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव और सेवा-भाव से असंख्य लोगों के जीवन को नई दिशा प्रदान की है।

विद्यालय के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि चिकित्सकों का समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और वे अपने समर्पण व सेवा-भाव से मानवता की सेवा करते हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने कहा कि चिकित्सक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका समर्पण, सेवा-भाव और मानवीय दृष्टिकोण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, निःस्वार्थ सेवा की भावना तथा अपने आदर्शों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post