सूचना विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल सूचना प्रवाह का हुआ शुभारंभ, अब आमजन तक सहजता से पहुंचेगी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी

शि.वा.ब्यूरो, लखनऊ। अपर निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग अरविन्द कुमार मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यों की प्रामाणिक जानकारी आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सूचना विभाग द्वारा अपने एक अधिकारिक यूट्यूब चैनल सूचना प्रवाह https://www.youtube.com/@suchnapravah  का शुभारम्भ सूचना निदेशक  विशाल सिंह द्वारा किया गया है। इस चैनल से सरकार की उपलब्धियों अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुँच सकेंगी। सूचना प्रवाह उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा शासन की विभिन्न पहलों से संबंधित प्रमाणिक, तथ्यपरक एवं त्वरित जानकारी आमजन तक पहुँचाई जाएगी। इसके साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों तथा महत्वपूर्ण आयोजनों का भी नियमित प्रसारण इस मंच पर किया जाएगा। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। ऐसे में “सूचना प्रवाह” यूट्यूब चैनल सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त सेतु सिद्ध होगा। इस मंच के माध्यम से नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यों की विश्वसनीय और प्रमाणिक जानकारी सरल, सहज एवं आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग समय के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। “सूचना प्रवाह” के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा शासन की उपलब्धियों को अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुँचाया जाएगा, जिससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही एवं समयबद्ध जानकारी प्राप्त हो सकेगी। यह यूट्यूब चैनल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के प्रसार का एक प्रभावी मंच बनेगा तथा आमजन और शासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।    

Post a Comment

Previous Post Next Post