अपर जिलाधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने काली नदी के जलस्तर का लिया जायजा, संबंधित विभागों को सतर्क रहने व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर।  जनपद में हो रही लगातार वर्षा एवं काली नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह द्वारा काली नदी के तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की संभावित स्थिति का विस्तृत जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी के जलस्तर, तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति तथा संभावित प्रभावित स्थलों का अवलोकन किया एवं संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक परिस्थिति के लिए पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि काली नदी के जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा जलस्तर में किसी भी प्रकार की वृद्धि होने की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ अथवा जलभराव की किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सभी आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से सक्रिय रखा जाए, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अपर जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें वर्तमान परिस्थितियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से नदी के किनारे अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं, बच्चों को नदी एवं जलमग्न स्थानों के आसपास न जाने दें तथा किसी भी प्रकार की आपात अथवा संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनपदवासियों की सुरक्षा के लिए पूर्णतः सजग एवं प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक परिस्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तटवर्ती क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण करते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सभी आवश्यक एहतियाती एवं राहत संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही पुलिस एवं राजस्व विभाग को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने तथा लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद प्रशासन द्वारा वर्षाकाल के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली गई हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post