गौरव सिंघल, देवबंद। मुजफ्फरनगर के कुटेसरा गांव से लापता भट्ठा मुंशी पिंटू (23) की हत्या कर दी गई है। पिंटू 29 अप्रैल से लापता था। पिंटू का शव देवबंद-मुजफ्फरनगर बॉर्डर पर स्थित गांव आखलौर खेड़ी में पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट मारी गई है और गला दबाने के भी निशान हैं। परिजनों का आरोप है कि लूट के बाद मारपीट कर हत्या की गई। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। किसी व्यक्ति ने खेत में सड़ा गला शव पड़ा देखकर डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन रात होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। सुबह पुलिस को पता चला कि कुटेसरा गांव निवासी पिंटू भी लापता है, जो देवबंद के गांव घलौली में रेलवे लाइन के पास स्थित ईंट भट्ठे पर मुंशी का काम करता था। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि पिंटू 29 अप्रैल को सुबह के समय घर से ड्यूटी पर आया था। फिर घर नहीं लौटा था। उसकी तलाश की जा रही थी।