विश्व एथलेटिक्स दिवस 2026 पर बालिका दौड़ प्रतियोगिता आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। विश्व एथलेटिक्स दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी के मार्गदर्शन में डॉ.राजीव कुमार द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बालिका दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं सृष्टि, निशा तथा सृष्टि को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

डॉ.राजीव कुमार ने कहा कि विश्व एथलेटिक्स दिवस केवल एक उत्सव ही नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक सामाजिक और शैक्षिक अभियान का रूप भी है, जिसका उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, समानता और सक्रिय जीवन शैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का प्रमुख लक्ष्य बच्चों और युवाओं को खेलों, विशेषकर एथलेटिक्स, के प्रति आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि यह उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, स्वस्थ आदतें अपनाने और अपने भीतर निहित प्रतिभा को पहचानने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिलती है, जो उनके समग्र विकास में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता: विश्व एथलेटिक्स दिवस लोगों को शारीरिक गतिविधियों के महत्व के प्रति जागरूक करने का एक सशक्त माध्यम है। 

डॉ.राजीव कुमार ने कहा कि सामाजिक समानता और समावेशिता का संदेश: खेल का मैदान समानता का सजीव उदाहरण प्रस्तुत करता है, जहां सभी खिलाड़ी एक ही स्तर पर खड़े होते हैं। यहां जाति, धर्म, भाषा या आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स इस मूल भावना को सुदृढ़ करता है कि प्रतिभा और परिश्रम ही वास्तविक पहचान हैं, जिससे समाज में समावेशिता, एकता और आपसी सम्मान की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में वार्डन बबिता व स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 



Post a Comment

Previous Post Next Post