श्री राम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में ग्राम सहावली में एक दिवसीय शिविर आयोजित

शिवा.ब्यूरो,मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आज ग्राम सहावली में द्वितीय एक दिवसीय जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों, विशेष रूप से टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था। शिविर का आयोजन सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना तथा ग्रामीण स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूनिसेफकी जिला कोऑर्डिनेटर तरन्नुम उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि समय पर टीकाकरण बच्चों एवं समुदाय को कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है, इसलिए प्रत्येक अभिभावक और परिवार का यह दायित्व है कि वे अपने बच्चों एवं पात्र सदस्यों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करें।

यूनिसेफ के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संदीप पुंडीर जी ने टीकाकरण की डोस के बारे में जानकारी देते हुए प्रत्येक माह के टिकों के बारे में बताया साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रांतियों से दूर रहकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएं। शिविर के दौरान 6 स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क किया। स्वयंसेवकों ने उन्हें टीकाकरण के लाभ, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति भी जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वयंसेवकों से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक समाधान किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज ने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य चेतना बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं में सामाजिक सेवा और नेतृत्व की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छैै इकाई भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी ताकि समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी संदेश प्रभावी रूप से पहुँच सके।
शिविर के संचालन में प्राचार्य श्री राम कॉलेज डॉ प्रेरणा मित्तल, अंकित कुमार, मोहम्मद यूसुफ खान तथा स्वयंसेवक विशाल त्यागी, कंचन, ऋतिक कुमार, इकरा, रिया, सेवक कुमार, अवनी,इरम,निखिल, जिया, यश, वीनस तोमर, रिहान, आशु, खुशी, हनी सिंघल तथा ममता कुमारी इत्यादि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post