एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ में विकसित भारत के अंतर्गत रोजगार आजीविका मिशन विषय पर संगोष्ठी आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। आज एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ में आईक्यूएसी सेल के तत्वावधान में इन्फोटेनमेंट क्लब द्वारा विकसित भारत के अंतर्गत रोजगार आजीविका मिशन विषय पर एक विशेष शैक्षणिक गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं, आत्मनिर्भरता के अवसरों तथा आजीविका संवर्धन कार्यक्रमों के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल द्वारा दीप प्रज्वलन एवं प्रेरणादायी संबोधन के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब देश का युवा वर्ग कौशल, ज्ञान और आत्मविश्वास से परिपूर्ण होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि रोजगार आजीविका मिशन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें व्यावसायिक कौशल से सुसज्जित करना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान, कौशल विकास और नवाचार की सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें।कार्यक्रम की मुख्य समन्वयक प्राची ने रोजगार आजीविका मिशन विषय पर विस्तृत प्रस्तुति पावर पॉइंट के माध्यम से विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने विकसित भारत की परिकल्पना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना, स्वरोजगार योजनाओं एवं ग्रामीण आजीविका मिशन जैसे विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समझाया कि कैसे सरकार युवाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रही है, जिससे वे अपने स्वयं के व्यवसाय स्थापित कर सकें और रोजगार सृजन में योगदान दे सकें। प्राची ने बताया कि रोजगार आजीविका मिशन केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को उद्यमी बनाने, आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने तथा स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आर्थिक विकास को गति देने का माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किस प्रकार छोटे-छोटे प्रयास बड़े परिवर्तन ला सकते हैं। विद्यार्थियों ने इस प्रस्तुति को अत्यंत रुचि एवं उत्साह के साथ सुना तथा विषय से संबंधित प्रश्न भी पूछे, जिनका उत्तर प्राची मैडम ने विस्तारपूर्वक दिया।

कार्यक्रम में मोहम्मद अंज़र, संजय शर्मा, दीपक गर्ग, सोनिका, पूरवी, प्राची, रोहन त्यागी, प्रशांत गुप्ता, विनीता चौधरी, सतीश, अमित, पवन बलियान तथा लवी वर्मा शामिल रहे। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे रोजगार आजीविका मिशन के उद्देश्यों को समझकर अपने करियर की दिशा तय करेंगे तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post