शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दृष्टिगत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में सभी मान्यताप्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श किया गया। जिलाधिकारी द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अन्तर्गत जनपद में प्राप्त फार्म-6, फार्म-6ए, फार्म-7 एवं फार्म-8 के सम्बंध में जानकारी प्रदान की गयी। उन्होंने सभी से अनुरोध किया गया कि आयोग द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 फरवरी तक निर्धारित की गयी है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी से अनुरोध किया कि अपना फार्म भर कर समय से अपने बूथ लेविल अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर दें। उन्होंने बताया कि फार्म भरते समय अपना मोबाइल नम्बर भी अवश्य भरे फार्म-7 भरते समय अपना मोबाइल नम्बर एवं अपना पहचान पत्र नम्बर अवश्य भरें। जिलाधिकारी द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों को फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 में आवेदन करने वाले आवेदनकर्ताओं की संकलित सूची प्रारूप-9, प्रारूप-10, प्रारूप-11, प्रारूप-11ए और प्रारूप-11बी विधानसभावार उपलब्ध करायी गयीं, साथ ही मतदेय स्थलों पर नियुक्त गये बूथ लेविल अधिकारियों की सूची भी उपलब्ध करायी गयी। बैठक में बहुजन समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया (मार्क्सवादी), जिला कांग्रेस पार्टी एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित हुए।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी मतदाता द्वारा आयोग की वेब साइट www.ceouttarpradesh.nic.in पर Search Your Name Electoral Roll के बटन पर क्लिक करके अपने से सम्बंधित विवरण की पुष्टि की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मतदाता https://voters.eci.gov.in पर भी अपना नाम मतदाता सूची में देख सकते हैं तथा अपने मोबाइल में Voter Help Line app डाउनलोड करके भी उक्त सेवायें प्राप्त की जा सकती हैं।


