शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्रीराम पॉलिटेक्निक में भारत की प्रथम महिला शिक्षक एवं महान समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की जन्म जयंती के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार के साथ स्नेहलता गर्ग, जोनी कुमार, नितिन गुप्ता एवं शुभम गुप्ता द्वारा माता सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने माता सावित्रीबाई फुले के जीवन, संघर्ष, नारी शिक्षा एवं सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में शाहफहाद प्रथम, आदित्य द्वितीय, अनस एवं खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्नेहलता गर्ग ने किया।प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले की जन्म जयंती हमें शिक्षा के महत्व, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक समानता का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि माता सावित्रीबाई फुले ने विषम परिस्थितियों में भी शिक्षा की अलख जगाई और समाज को नई दिशा दी। उन्होेने आगे कहा कि भाषण प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करना, मंच से अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता बढ़ाना तथा समाज सुधार, नैतिक मूल्यों और महान विभूतियों के विचारों से विद्यार्थियों को जोड़ना है।
