प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बेन के निधन से दलीय भावना से ऊपर उठकर शोक-संवेदनाएं व्यक्त की

गौरव सिंघल, सहारनपुर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रद्धामयी माता हीरा बेन का निधन हो जाने पर आज सहारनपुर में शोक की लहर रही। सभी वर्ग के लोगों ने उनके निधन पर शोक जताया और उनके बेटे नरेंद्र मोदी और उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की। राजनीतिक दलों ने दलीय भावनाओं से ऊपर उठकर शोक जताया और मोदी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में मां का सबसे ज्यादा महत्व होता है। हीरा बेन कितनी सौभाग्यशाली थी कि उन्होंने भारत को प्रधानमंत्री के रूप में चमत्कृत नेतृत्व वाले बेटे को जन्म दिया। पूरा देश शोकमग्न है और हम ह्दय से मोदी जी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। मां के आशीर्वाद और संस्कारों से ही मोदी उच्च गुणों से संपन्न व्यक्तित्व के रूप में उभरे। भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि महान नेता नरेंद्र मोदी की मां हीरा बेन भी अत्यंत महान थी, जिन्होंने अनमोल हीरे मोदी जी को जन्म दिया था। वह उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। हीरा बेन मोदी ने हाल ही में अपने जन्मदिन की 100 वीं वर्षगांठ मनाई थी। दो दिन पहले उन्हें अहमदाबाद के यूएन मेहता ह्दय रोग संस्थान में भर्ती कराया गया था। आज प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में करीब साढ़े तीन बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 

पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि महान मां ने नरेंद्र मोदी को जो संस्कार और शिक्षा दी, उसी के बलबूते देश को मोदी के रूप में सबल और शानदार नेतृत्व और प्रधानमंत्री मिला। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह हीरा बेन को अपने चरणों में स्थान दे।  पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि मां तो मां होती है, हमारी ही नहीं पूरे देश की संवेदनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। वह हीरा जैसी मां हीरा बेन के निधन पर शोक और श्रद्धांजलि व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि मां के जाने से बड़ा कोई शोक नहीं होता। दुख की घड़ी में हम मोदी के साथ खड़े हैं। पूर्व विधायक एवं सपा के वरिष्ठ नेता संजय गर्ग ने कहा कि हीरा बेन की ममतामयी छवि हमेशा स्मरण रहेगी। दुख की इस घड़ी में मोदी के परिवार को शक्ति मिले। उन्होंने कहा कि हीरा बेन ऐसी मां थी जो आठ पीढि़यों के बीच संस्कारों का सेतु बनकर जी। उनका जाना भारतीय समाज और राष्ट्र दोनों की भारी क्षति है। नकुड़ के भाजपा विधायक मुकेश चौधरी ने देश को यशस्वी प्रधानमंत्री देने वाली मां हीरा बेन के निधन पर गहरा शोक जताया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हीरा बेन देश की सबसे सौभाग्यशाली महिलाओं में शामिल थीं। गंगोह क्षेत्र के भाजपा विधायक चौधरी कीरत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर संकट की घड़ी में अपनी मां हीरा बेन से मार्गदर्शन और आशीर्वाद लेने जाते थे। मोदी जी को आज उनकी मां का साथ छूटने पर जो शोक और पीड़ा मिली है। दुख की उस घड़ी में 130 करोड़ भारतीय ही नहीं, पूरा विश्व उनके साथ खड़ा है। 

पूर्व भाजपा विधायक शशिबाला पुंडीर ने कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद से भी ज्यादा अपनी मां को मानते थे। जो भी काबलियत नरेंद्र मोदी में मौजूद है उसके पीछे हीरा बेन के संस्कार और शिक्षा थे। वह मानती हैं कि वह मोदी जी की  मां भी थीं और सच्ची दोस्त भी थीं। सहारनपुर महानगर के भाजपा विधायक राजीव गुंबर ने भी नरेंद्र मोदी के रूप में भारत और पूरे देश को सक्षम नेतृत्व देने वाली सुयोग्य माता हीरा बेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और शत-शत नमन किया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह हीरा बेन को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, अंतरराष्ट्रीय योग एवं ध्यान गुरू डा. वरूणवीर, भाजपा के किसान नेता ठाकुर अनिल सिंह, बजरंग दल के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संयोजक विकास त्यागी, रामपुर मनिहारान के भाजपा विधायक देवेंद्र निम,  वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह ने भी शोक एवं संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post