शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में तहसील सदर के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जल निगम, जिला बेसिक शिक्षा, विभाग, विद्युत, समाज कल्याण विभाग, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व से संबंधित, श्रम विभाग से संबंधित, पेंशन, सड़क से संबंधित विभागों की शिकायतें प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभाग के अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायत का निस्तारण कराएं, यदि कोई ऐसी शिकायत है, जिसका निस्तारण नहीं हो सकता है, उसके संबंध में शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें मौके पर 06 शिकायतों का निस्तारण किया गया। उन्होंने शेष शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को संदर्भित करते हुए निर्देशित किया कि पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से मौके पर पहुंच कर शिकायतकर्ता से शिकायत के सम्बन्ध में फीडबैक लें कि बह संतुष्ट है तथा मौके का फोटो भी कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के अंदर गुणवत्तापूर्ण तथा संतोष जनक एवं समयांतर्गत निस्तारण किया जाए, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता ना बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता परक एवं समयांतर्गत निस्तारण किया जाये। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए किसी विभाग की सरकारी भूमि पर किसी के द्वारा अतिक्रमण किया गया है तो उसको तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता ना बरती जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सुनील कुमार तेवतिया, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अभिनव राज, तहसीलदार राधेश्याम गौड़, जिला चकबंदी अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


