संदीप वत्स, मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर आज अनमोल फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र पर एक विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज को नशे की कुप्रथा से मुक्त कराने और युवाओं को सही दिशा देने पर गहन चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री कपिल देव अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अनमोल फाउंडेशन जैसी संस्थाओं का प्रयास सराहनीय है। गोष्ठी में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर और राष्ट्रीय प्रतिनिधि पवन त्यागी ने भी अपने विचार साझा किए। संजीव तोमर ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाना बेहद जरूरी है, जिसमें किसान यूनियन अपना पूर्ण सहयोग देगी। विचार गोष्ठी में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से श्याम पाल (अध्यक्ष), प्रमेंद्र सिंह नंबरदार, जय तोमर (एडवोकेट), संजय गुप्ता, हरीश अरोड़ा, प्रमोद नैन, अंशुल मुखिया आदि मौज्ूदद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों और संस्था के पदाधिकारियों ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। मंच का संचालन और आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त संस्था के प्रबंधकों द्वारा किया गया।
