द दून वैली पब्लिक स्कूल में हर्ष विद्या रत्न अवार्ड आयोजित, कक्षा 12 के मेधावियों को सम्मानित किया

गौरव सिंघल, देवबंद। द दून वैली पब्लिक स्कूल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से ओत-प्रोत हर्ष विद्या रत्न अवार्ड 2026 का शानदार आयोजन कर सत्र 2025-26 के कक्षा 12 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का प्रारंभ स्कूल के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता, डायरेक्टर अनुराग सिंघल, मैनेजर सुमन सिंघल, प्रधानाचार्य डॉ0 सीमा शर्मा, क्वालिटी डायरेक्टर अर्चना शर्मा, उप प्रधानाचार्य तनुज कपिल व हरदीप सिंह द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख पुष्पार्चन व दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया । इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर व तिलक लगाकर किया गया। स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान के बाद सामूहिक नृत्य ने उपस्थित गणमान्यों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। 

स्कूल के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि स्कूल की प्राथमिकता विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान में भी पारंगत करना हैं, जिससे वे देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि हमने इस संकल्प को अपने विद्यार्थियों के साथ मिलकर सफलतापूर्वक सिद्ध किया है। स्कूल के डायरेक्टर डॉ0 अनुराग सिंघल ने कहा कि शिक्षा और खेल जीवन के दो महत्वपूर्ण आधार हैं, जो व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व एवं सेवा भावना को भी विकसित करते हैं।  स्कूल की मैनेजर सुमन सिंघल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि विद्यालय के साथ समन्वय बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाएँ। प्रधानाचार्य डॉ0 सीमा शर्मा ने अभिभावकों को स्कूल के नियमानुसार सहयोग करने के लिए उनकी प्रशंसा करते हुये आभार व्यक्त किया।
प्रधानाचार्य डॉ0 सीमा शर्मा ने बताया कि इस वर्ष नंदिनी कुशवाहा ने 98.8% प्राप्त कर कमिश्नरी में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि अभिनव पुंडीर 97.2%, खुशी 95.8%, अंशिका माहेश्वरी 94.8%, गुणरूप कौर ने 94.4% अंकों के साथ प्राप्त विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि परीक्षाफल में 90% से अधिक 21 छात्रों, 80% से अधिक 74 छात्रों व 75% से 115 छात्रों ने सफलता प्राप्त की। इन सभी विद्यार्थियों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया साथ ही कमिश्नरी टॉप करने के लिए नंदिनी कुशवाहा को 21,000 रुपये का चेक देकर पुरस्कृत किया गया। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी विषय में 157, फिजिकल एजुकेशन में 114, योगा में 92, संगीत में 70, पेंटिंग में 43, बिजनेस स्टडीज में 32, इकोनॉमिक्स में 31, हिंदी में 22, एकाउंट्स में 19, फिजिक्स में 16, गणित में 12, केमिस्ट्री में 11, पोलिटिकल साइंस में 9, बायोलॉजी में 6, सोशियोलॉजी में 3 छात्रों ने डिस्टिंक्शन प्राप्त की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post