गौरव सिंघल, सहारनपुर। सर्वे उपकरण रोवर के द्वारा राजस्व कार्यों का निष्पादन किए जाने के लिए मंडल स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर मंडलायुक्त डॉक्टर रूपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह एवं मण्डल के अन्तर्गत पडने वाले जनपद सहारनपुर, मुजफफरनगर, एवं शामली के सभी तहसीलदारों एवं प्रत्येक तहसील के एक नायब तहसीलदार द्वारा प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया गया। प्रशिक्षण में रोवर उपकरण आपूर्तिकर्ता मैसर्स अल्टेरा साल्यूशन एलएलपी के मास्टर ट्रैनर द्वारा उपस्थित अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जीएनएसएस रोवर सर्वे ऑफ इण्डिया के सीओआरएस स्टेशन नेटवर्क एवं सैटैलाईट आधारित आरटीके प्रणाली के माध्यम से सटीक भू मापन की आधुनिक तकनीक है। जिसका मुख्य उद्देश्य जनपदों में भूमि मापन, ग्राम सीमांकन, राजस्व नक्शों के डिजिटलीकरण, भू-अभिलेखों के अचल निर्माण, तथा सरकारी भूमि के चिन्हाकन में पारदर्शिता एवं किसानों को पारदर्शी एवं विवादमुक्त पैमाईश प्रक्रिया उपलब्ध कराना है।इसके लाभों में जीएनएसएस रोवर के माध्यम से पारम्परिक चयन / फीता माप की तुलना में 10 गुणा तेज सर्वे, जी०आई०एस आधारित राजस्व मानचित्र का निर्माण, किसानों के भूमि सम्बन्धी विवादों के समाधान में तेजी, सही पैमाईश से फसल बीमा / कर्ज / योजना लाभ में सुगमता, राज्य सरकार / ग्राम समाज की भूमि पर किये गये अतिक्रमण का सटीक चिन्हाकन, सरकारी परियोजनाओं में भूमि का सटीक मापन एवं चिन्हांकन शामिल है।

