मकान की छत अचानक गिरी, दबने से मजदूर की मौत

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद के थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव कपूरपुर रुपड़ी में निर्माणाधीन मकान की छत अचानक गिर गई। जिससे छत पर काम कर रहा मजदूर नितिन मलबे में दब गया। लोगों ने उसे मलबे से निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक ईगरी कलां गांव निवासी नितिन (22) थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव कपूरपुर रुपड़ी में मजदूरी करने गया था। छत पर लिंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन छत भरभराकर गिर गई। जिससे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। नितिन मलबे में दब गया। वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों और लोगों ने मलबा हटाकर उसे निकालने का कोशिश की, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की।नितिन की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती है। परिवार में नितिन ही कमाने वाला था।

Post a Comment

Previous Post Next Post