प्रिव्यूड पब्लिक स्कूल में भारत के 77वें गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया

शि.वा.ब्यूरो, आगरा। देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत प्रिव्यूड पब्लिक स्कूल में भारत के 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत भव्यता, गरिमा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में एडवोकेट देवेंद्र बाजपेई रहे। कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यालय में ध्वज फहराया गया, जिसके उपरांत राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से वातावरण राष्ट्रप्रेम से गूंज उठा।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण का औपचारिक शुभारंभ करते हुए सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया गया। प्री-प्रायमरी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की  प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। इसके उपरांत अंतर्सदनीय प्रतियोगिताओं के नियम एवं निर्देश प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर एकल गायन प्रतियोगिता, एकल वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के द्वारा कविता पाठ, विद्यालय के कॉयर द्वारा  देशभक्ति गीत तथा देशप्रेम के रंग में रंगी नृत्य प्रस्तुति दी गई। इन सभी में देशप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही और दर्शकों से भरपूर सराहना प्राप्त हुई। गायन एवं वादन प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित निर्णायक मंडल में डॉ. कविता शर्मा (संगीत प्रवक्ता) एवं शुभाशीष गांगुली (प्रसिद्ध तबला वादक, ऑल इंडिया रेडियो) उपस्थित रहे। विद्यालय के निदेशक डॉ सुशील गुप्ता द्वारा मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल को स्मृति स्वरूप भेंट देकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।

प्रिव्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक डाॅ. सुशील गुप्ता ने बताया कि एकल गायन प्रतियोगिता में ओरायन हाउस की आराध्या दयाल प्रथम, एंड्रोमेडा हाउस की पर्मिता गौतम द्वितीय, पेगासिस हाउस की गीतिका कुकरेजा तृतीय तथा फीनिक्स हाउस की हर्षा आलोक सिंह चतुर्थ स्थान पर रहे। उन्होंने बताया कि एकल वादन प्रतियोगिता में फीनिक्स हाउस की अनन्या शर्मा प्रथम,  एंड्रोमेडा हाउस की प्रेम गजाला द्वितीय, ओरायन हाउस की देबेंद्रिता डे तृतीय तथा पेगासिस हाउस के वंश अग्रवालकृचतुर्थ स्थान पर रहे। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने संगीत के प्रति उनकी निष्ठा और परिश्रम को स्पष्ट रूप से दर्शाया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ .सुशील गुप्ता ने पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रकृति एवं जल का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पर्यावरण-संरक्षण गतिविधियों से जुड़ने, वृक्षारोपण करने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण अपनाने तथा अपने छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े सकारात्मक परिवर्तन लाने की अपील की। उनके प्रेरक वचनों ने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं सक्रिय सहभागिता की भावना को और अधिक मजबूत किया। मुख्य अतिथि एडवोकेट देवेंद्र बाजपेई के प्रेरणादायी आशीर्वचनों ने विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को कर्तव्य, अनुशासन एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का समापन आद्या सोनी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post