जनगणना–2027 की तैयारियों के मद्देनजर एसडी पब्लिक स्कूल में फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन, एडीएम एफ ने किया प्रगति का अवलोकन

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जनगणना–2027 की तैयारियों के क्रम में आज एसडी पब्लिक स्कूल में फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद में जनगणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन के निर्देशन में किया जा रहा है, जिसमें जनपद के नामित फील्ड ट्रेनरों को जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की जा रही है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त गजेन्द्र कुमार द्वारा प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम की प्रगति का अवलोकन किया गया तथा उपस्थित प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की महत्ता से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का व्यापक एवं महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवासीय स्थिति, साक्षरता, रोजगार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण आंकड़ों का संकलन किया जाता है। इन आंकड़ों के आधार पर ही सरकार द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए जनगणना कार्य को अत्यंत गंभीरता, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न किया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनरों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं दिशा-निर्देशों को भली-भांति समझें तथा आगे होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण प्रदान करें, जिससे जनगणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो और संकलित आंकड़े पूर्णतः शुद्ध एवं विश्वसनीय हों।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना–2027 के अंतर्गत हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना के विभिन्न चरणों, जनगणना की अवधारणाओं, प्रपत्रों के सही एवं त्रुटिरहित संधारण, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग, फील्ड स्तर पर कार्य के संचालन तथा रिपोर्टिंग प्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को जनगणना कार्य के दौरान गुणवत्ता, एकरूपता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बता दें कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 मार्च से संचालित किया जा रहा है तथा इसका दूसरा चरण दिनांक 16 मार्च से 18  मार्च तक संचालित किया जायेगा। 
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में अपर जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी रुपेश कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) धुरेन्द्र तोमर तथा जनगणना निदेशालय से ज्योति नामदेव एवं गौरव गुंजन द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नामित फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post